रेल परियोजनाओं को मिला रिकॉर्ड बजट
नई दिल्ली
रेल बजट के आम बजट के साथ विलय के बाद इस साल रेल मंत्रालय को मिले आवंटन में उत्तर प्रदेश को अपने राज्य में विभिन्न परियोजनाओं के लिए 12696 करोड़ रुपये मिले हैं। पिछली संप्रग सरकार 2009-14 के पांच साल की तुलना में यह एक साल का आवंटन 1045 फीसदी ज्यादा है। हालांकि इस तुलनात्मक अवधि में सबसे ज्यादा 2270 फीसदी आवंटन उत्तराखंड को मिला है। बिहार को 355 फीसद, दिल्ली को 223 फीसदी, व झारखंड को 793 फीसदी ज्यादा आवंटन मिला है।
रेल मंत्रालय ने आम बजट 2020-21 के बजट में मिले आवंटन का ब्यौरा देते हुए कहा है कि इस साल रेल मंत्रालय को जो बजट दिया गया है वह संप्रग दो सरकार (2009-14) के पांच सालों से कई गुना ज्यादा है। मंत्रालय ने हर राज्य के हिस्से में आए आवंटन को जारी करते हुए कहा है कि रेलवे परियोजनाओं के लिए उत्तर प्रदेश को 2009-14 के पांच सालों मे 1109 करोड़ रुपये मिले थे, जबकि इस अकेले साल में उसे 12696 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इससे राज्य में 7143 किमी लंबी 96697 करोड़ रुपये की लागत वाली नई रेल लाइन, आमान परिवर्तन व दोहरीकरण की 83 परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।

पाठको की राय